बांग्लादेश से बगैर पासपोर्ट, वीजा के लाने के बाद युवतियों को बंधक बनाकर गुलामों की तरह रखा जाता था। बात नहीं मानने पर सिगरेट से दागा जाता और बेल्ट से पीटा जाता था। यह खुलासा आरोपियों से मुक्त कराई गईं 13 लड़कियों ने पुलिस के सामने किया है। शनिवार को लड़कियों से आईबी के अधिकारियों के अलावा आईजी योगेश देशमुख ने भी पूछताछ की।
इस हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट और मानव तस्करी का खुलासा तब हुआ, जब ईवेंट के नाम पर मुंबई की दो मॉडल को यहां लाया गया और बंधक बनाकर उनके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में अब तक 14 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। साथ ही विजय नगर, लसूड़िया और एमआईजी थाने में इनके खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं।
मुंबई की मॉडल की शिकायत पर विजय नगर पुलिस ने शुरुआत में एक महिला व उसके तीन साथियों को पकड़ा था। इसके बाद इनकी निशानदेही पर दो महिलाओं सहित कुल 10 आरोपियों को पकड़ा गया। शुक्रवार रात श्रीनगर एक्सटेंशन इलाके के एक फ्लैट से भी चार युवतियां छुड़ाई गई थीं। मामले में एमआईजी पुलिस ने दो महिला और दो पुरुष को गिरफ्तार किया है।
परिवार को बताते थे स्टील, खिलौना फैक्टरी में काम करती हैं आपकी बेटियां
युवतियों ने बताया कि उन्हें अलग-अलग शहरों में बंधक बनाकर रखा जाता था। इनके परिवार वालों को यह बताया जाता था कि वे यहां स्टील फैक्टरी, खिलौना फैक्टरी या अन्य उद्योगों में काम करती हैं। इन्हें पांच से 10 हजार वेतन मिलता है जो एक एप के जरिए उन्हीं के सामने उनके परिजन के खातों में डलवा दिया जाता था। सिर्फ रहने, खाने व कॉस्मेटिक के खर्च का पैसा दिया जाता था। एक युवती ने बताया कि उसे एजेंटों के जरिए एक नहीं, चार बार बेचा गया है। एजेंटों ने इनके लिए कोड वर्ड बना रखे थे।
नौकरी दिलाने के बहाने लाया जाता, तलाकशुदा, विधवा को भी नहीं बख्शा
टूटी-फूटी हिंदी बोलने वाली बांग्लादेशी युवतियों ने बताया कि बांग्लादेश के एजेंट भारत के एजेंटों की डिमांड पर ऐसे घरों की लड़कियों की तलाश करते हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर रहती है। कई तो तलाकशुदा व विधवा को भी नौकरी दिलाने के बहाने परिवार वालों की सहमति पर लाते हैं।
मुर्शिदाबाद, मुंबई होते हुए इंदौर लाते, बॉर्डर पार कराने वाले एजेंटों की तलाश
युवतियों ने कहा उन्हें बांग्लादेश, मुर्शिदाबाद, मुंबई होते हुए इंदौर लाया जाता था। पुलिस उन एजेंटों की तलाश कर रही है जो बांग्लादेश से युवतियों को बॉर्डर पार कराते थे। यह पता नहीं चला है कि इन्हें बॉर्डर के किस इलाके से भेजा जाता था। इंदौर पुलिस ने कोलकाता, मुर्शिदाबाद, मुंबई पुलिस को जानकारी भेजी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cLatdT
No comments:
Post a Comment