शहर में रविवार को सुबह से तेज धूप रही। इससे दोपहर तक गर्मी 30 डिग्री तक पहुंच गई। इसके चलते मंदसौर में लोकल क्लाउड तैयार हो गए। इनके कारण दोपहर में करीब 10 मिनट अच्छी बारिश हुई। इससे कुछ ही देर में हवाएं ठंडी हो गईं। देर शाम तक बादल छाए रहे व बाहर का मौसम ठंडा हो गया जबकि घरों में उमस से लोग परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार सोमवार को भी यह स्थिति रहेगी। इसके बाद ठंड का असर बढ़ने लगेगा। जिले में अक्टूबर के प्रथम सप्ताह के बाद से मौसम ठंडा होने लगा। रात का तापमान 18 डिग्री तक पहुंच गया लेकिन पिछले 3-4 दिन से अचानक मौसम बदल रहा है।
4 दिन में रात के तापमान में करीब 5 डिग्री की तेजी आई है। गर्मी से लोग परेशान होने लगे। रात का तापमान 23 डिग्री तक पहुंच गया। रविवार को भी सुबह से आसमान में तेज धूप निकली रही। इससे रविवार को दोपहर का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि शनिवार को दोपहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज हुआ था। एक दिन में दोपहर का तापामान दो डिग्री तेज हो गया। गर्मी के चलते जमीन का पानी भाप बनकर ऊपर पहुंचा व दोपहर तक बादल बनना शुरू हो गए। दोपहर में 1 बजे बाद अचानक आसमान में बादल छाने लगे व सवा एक बजे बड़ी-बड़ी बूंदों के साथ बारिश शुरू हुई।
करीब 10 मिनट चली बारिश ने सड़कें तर कर दीं। बारिश होते ही हवाएं ठंडी हो गईं। इसके बाद शाम तक बादल छाए रहे व ठंडी हवाएं चलती रहीं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. डी.पी. दुबे ने बताया कि यह लोकल बादलों की वजह से बारिश हुई है। सोमवार को भी मंदसौर में बादलों की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। एक बार अधिकतम तापमान में एक-दो डिग्री की तेजी आएगी। उसके बाद उत्तरी हवाओं के चलते ही तीन चार दिन में मौसम ठंडा होने लगेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2T3vh7h
No comments:
Post a Comment