सांवेर उपचुनाव नवंबर में होंगे, लेकिन जिला प्रशासन ने एक महीने पहले ही नेहरू स्टेडियम में होने वाली खेल गतिविधियों को बंद कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की मतदान सामग्री वितरण, ईवीएम स्ट्रांग रूम और मतगणना से संबंधित वाहनों के लिए नेहरू स्टेडियम और जिमखाना इंदौर का चयन किया है। अनलॉक की प्रक्रिया के बाद पिछले महीने नेहरू स्टेडियम में खेल गतिविधियां शुरू हुई थीं। खिलाड़ी अभ्यास करने स्टेडियम आते थे, लेकिन प्रशासन ने मंगलवार से परिसर में खिलाड़ियों का प्रवेश बंद कर दिया है।
पहले इंदौर विधानसभा की 9 सीटों पर होने वाली चुनावी प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन एक हफ्ते पूर्व ही स्टेडियम को अधिकृत करता था। अब केवल एक ही सीट पर चुनाव होना है। बावजूद प्रशासन ने एक माह पहले ही स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। स्टेडियम में टेबल टेनिस, स्नूकर, बैडमिंटन, कराटे, फुटबॉल व बॉक्सिंग सहित कई खेल होते हैं। खेल गतिविधियां सुचारु रूप से शुरू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी अमी कमानी, शिखा चौहान, कोच गगन चंद्रावत और पदाधिकारियों ने संभागायुक्त को ज्ञापन दिया। संभागायुक्त ने खिलाड़ियों से कहा कि यह काम कलेक्टर के अधीन है, आप उनसे चर्चा करें।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने 1274 नाम हटा दिए, मतदाता सूची को अपडेट करने की जरूरत नहीं
इंदौर | सांवेर विधानसभा उपचुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट किए जाने की मांग वाली याचिका हाई कोर्ट ने निराकृत कर दी है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने याचिका दायर होने के बाद कोर्ट में जवाब पेश किया कि 1274 नाम सूची में से हटाए जा चुके हैं। इस कार्रवाई के बाद हाई कोर्ट ने कहा कि याचिका का मकसद पूरा हो चुका है, इसलिए निराकृत की जाती है। अधिवक्ता रवींद्रसिंह छाबड़ा ने यह याचिका दायर की थी। याचिका में मांग की गई थी कि चुनाव से पहले सूची का पुनरीक्षण नहीं किया गया। दावे, आपत्ति नहीं बुलाए गए। यह काम फिर से कराया जाना चाहिए।
भाजपा ने सात सीटों के लिए बनाया वॉर रूम
इंदौर | विधानसभा उपचुनाव की इंदौर-उज्जैन संभाग की 7 सीटों के लिए भाजपा ने यहां वॉर रूम तैयार करने का निर्णय लिया है। वरिष्ठ नेता बाबूसिंह रघुवंशी इस वॉर रूम के प्रभारी होंगे। प्रवक्ता और सह प्रभारी के तौर पर गोविंद मालू और उमेश शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी है। वॉर रूम सांवेर सहित सात सीटों के लिए काम करेगा।
केस दर्ज नहीं हुआ तो कांग्रेस ने की शिकायत
इंदौर | सांवेर विधानसभा चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन का प्रकरण दर्ज नहीं होने पर कांग्रेस ने दोबारा चुनाव आयोग में शिकायत की। प्रदेश कांग्रेस सचिव राकेश सिंह यादव ने कहा पिछले दिनों उज्जैन रोड स्थित एक होटल में भाजपा ने दो हजार लोगों को एकत्र किया। धर्म के नाम पर वोट मांगे। गणेशजी और सुपारी देकर मतदाताओं को वोट के लिए संकल्प दिलवाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SEytWt
No comments:
Post a Comment