रविवार 26 जुलाई को सभी बाजार बंद रहेंगे। सिर्फ सुबह 10 बजे तक दूध, ब्रेड, दवा दुकानों को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद अगले शनिवार व रविवार अर्थात 1 व 2 अगस्त को भी बाजार बंद रहेंगे। चूंकि ईद व राखी का त्यौहार है, इसलिए कुछ दुकानों को इन दो दिन खुलने की छूट दी जाए। इस तरह की सहमति शुक्रवार को हुई क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में बनी। एक घंटे चली इस बैठक के बाद अब शनिवार को प्रशासन धारा-144 के तहत आदेश जारी करेगा।
एडीएम किशोर कन्याल ने कहा कि रविवार 26 जुलाई को सुबह 10 बजे तक दूध, ब्रेड, अंडे, दवा व कुछ पैट्रोल पंप खोलने की छूट दी जाएगी। इसके बाद 1 व 2 अगस्त को मुख्य बाजार बंद रहेंगे। इन दो दिन में त्यौहारी मांग के आधार पर मिठाई, किराना, राखी, जनरल स्टोर्स, बहोड़ापुर व अबाड़पुरा स्थित रोटी शीरमाल व मीट, सब्जी और फल की दुकानें खुली रहेंगी। राखी के बाद 4 अगस्त मंगलवार को पूरा बाजार फिर बंद रखने पर भी सदस्यों ने सहमति दी है।
मेडिकल एजेंसी के दो कर्मचारी निकले पॉजिटिव दूसरे मेडिकल स्टोर का स्टाफ भी आया संपर्क में
कोरोना का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में शुक्रवार को कोरोना के 31 संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि भिंड में ग्वालियर के 8 लोग संक्रमित मिले। जीआरएमसी की पैथोलॉजी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. निर्मला तीसरी बार भी कोरोना संक्रमित निकली हैं, जबकि इनके पति मेडिसिन के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. रवि रमन की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इसके अलावा पवन मेडिकल एजेंसी में काम करने वाला अजय सिंह भदौरिया दवाओं मेडिकल स्टोर्स तक पहुंचाता है। उसे गले में खराश हुई जिसके बाद वह तीन दिन से काम पर नहीं गया। उसका सैंपल भी पॉजिटिव आया है। इनके संपर्क में मेडिकल एजेंसी में काम करने वाले 40 लोगों के स्टाफ के साथ ही दूसरे मेडिकल स्टोर का स्टाफ भी आया है। आमखो स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक संस्थान का फार्मासिस्ट भी पॉजिटिव आया है। उसके संपर्क में वहां का स्टाफ आया है।
किराना स्टोर संचालक निकला संक्रमित
पंचशील नगर मेला ग्राउंड निवासी 34 वर्षीय संक्रमित रवि बाबा किराना स्टोर चलाता है। रवि को दो दिन से बुखार आ रहा था, जिसके कारण उसने सैंपल दिया। रवि की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने से पहले तक शुक्रवार को उसने शाम तक अपनी दुकान खोली। उसकी दुकान पर प्रतिदिन 50 से अधिक लोग आते हैं।
तरण पुष्कर का चौकीदार भी पॉजिटिव
मेंटल हॉस्पिटल तिराहा निवासी 52 वर्षीय बलवीर सिंह जादौन नगर निगम के तरण पुष्कर में चौकीदार का काम करता है। उसे दो दिन से जुकाम हो रहा था लिहाजा उसने अपना सैंपल कराया जो पॉजिटिव आया है। इसके अलावा जेएएच के एक हजार बिस्तर का निर्माण कार्य कर रही एजेंसी के दो कर्मचारी 25 वर्षीय सहनबाज व 27 वर्षीय सददाम की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
राखी पर शहर के 18 स्थानों पर लगेंगे बाजार
प्रशासन राखी पर बाजारों में भीड़ रोकने के लिए 18 स्थानों पर छोटे-छोटे बाजार लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए शनिवार को संयुक्त टीम भ्रमण करेगी। एडीएम श्री कन्याल ने कहा कि पूरे शहर में ये वही स्थान जो पहले या वर्तमान में सब्जी बिक्री के लिए चिह्नित हुए हैं। इससे हजीरा, ग्वालियर, बाड़ा, मुरार, डीडीनगर, कंपू, गोला का मंदिर, छत्री बाजार, गोरखी स्कूल, जीवायएमसी, आमखो, रामदास घाटी, उत्सव बाटिका क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक ही सामान मिल सकेगा। इन बाजारों में जनसुविधाएं नगर निगम द्वारा मुहैया कराई जाएंगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hwPlJk
No comments:
Post a Comment