Wednesday, September 23, 2020

बिजली गुल होने की शिकायत की तो अब बिल में जुड़कर आ रहे 80 रुपए; अधिकारी बोले- ऐसी कोई फीस नहीं ले रहे, यह साइबर धोखाधड़ी हो सकती है

मोहल्ले, कॉलोनी या मल्टी में केवल आपके घर की बिजली गई है और आपने स‌ंब‌ंधित जोन में इसकी शिकायत की है तो इसके बदले आपको 80 रुपए फीस चुकाना होगी। यह राशि आपके बिल में जुड़कर आएगी। जिन लोगों ने ऐसी शिकायतें की थीं, उन्हें मैसेज भी मिले हैं। हालांकि बिजली कंपनी ऐसी कोई व्यवस्था शुरू नहीं किए जाने की बात कह रही है। गौरी नगर, परदेशीपुरा, भागीरथपुरा, नंदा नगर के उपभोक्ताओं ने मानसून में बिजली गुल होने पर 1912 पर शिकायतें दर्ज कराई थीं।

कुछ समय बाद उपभोक्ताओं को मैसेज मिले कि उनकी शिकायत पर अमल के एवज में 80 रुपए चार्ज किए गए हैं। यह बिल की राशि उनके बिल में जुड़कर आएगी। सिटी सर्कल के अधीक्षण यंत्री कामेश श्रीवास्तव का कहना है कि ऐसी कोई फीस नहीं ली जा रही है। यह साइबर धोखाधड़ी हो सकती है। कंपनी ने मैसेज नहीं भेजे। उत्तर डिविजन के कार्यपालन यंत्री एमके गर्ग को भी ऐसे मैसेज की जानकारी लगी है। वह भी इसकी जांच करा रहे हैं।

चार बार शिकायत की तो बिल के बराबर फीस
जिन उपभोक्ताओं के लोड एक किलोवाट तक के हैं। उनका औसत बिल 300 से 400 रुपए तक आता है। नई व्यवस्था के हिसाब से किसी उपभोक्ता के यहां महीने में चार बार बिजली बंद हुई तो उसे बिल के बराबर ही फीस चुकाना पड़ जाएगी। 320 रुपए केवल शिकायत पर अमल कराने के चुकाना पड़ सकते हैं।

वकील बोले- कनेक्शन जोड़ने के 200 रुपए लेना भी गलत
बिल नहीं भरने पर कंपनी कनेक्शन काट देती है। बिल चुकाने के बाद जब कनेक्शन जोड़ने के लिए कहा जाता है तो इस काम के लिए 200 रुपए फीस ली जा रही है। वकील अंशुमान श्रीवास्तव के मुताबिक बिजली कंपनी सेवा प्रदाता है। कंपनी को यह फीस वसूलने से पहले नियामक आयोग से अनुमति लेना चाहिए। उपभोक्ता से किसी भी तरह के शुल्क लिए जाने का निर्धारण आयोग करता है। कनेक्शन जोड़ने पर 200 रुपए लेना गलत है। इस मद में कंपनी लाखों रुपए उपभोक्ताओं से वसूल चुकी है।

इधर नई बिजली लाइन के हाई वोल्टेज से टीवी, फ्रिज भी जले
इंदौर |
नंदा नगर में बिजली की नई लाइन बिछाने के बाद जब सप्लाई शुरू हुई तो वोल्टेज हाई हो गया। इतना हाई कि कई घरों में टीवी, फ्रिज, पंखे, एलईडी और एम्प्लीफायर तक उड़ गए। कई घरों की अंडरग्राउंड बिजली लाइन तक जल गई। सुबह लोकल शटडाउन लेकर पोल पर नई केबल बिछाई जा रही है। यह काम पूरा हुआ तो कॉन्ट्रैक्टर से पूछा गया कि लाइन चालू कर दी जाए क्या। जैसे ही ट्रांसफॉर्मर से सप्लाई शुरू हुई। 20 से ज्यादा घरों में एक साथ उपकरण जल गए। लोगों ने जब जोन में शिकायत की तो ट्रांसफॉर्मर से सप्लाई रोकी गई। कंट्रोल पैनल ठीक होने के बाद बिजली चालू की गई। वहीं इस घटना से रहवासियों में आक्रोश भी है।

कुछ मिनट बाद लाइट चालू करें : बिजली विशेषज्ञों का कहना है जब भी बिजली जाती है तो घर में सभी उपकरण बंद कर देना चाहिए। बिजली वापस आने के पांच से सात मिनट बाद ही स्विच ऑन करना चाहिए। कॉलोनी, मोहल्ले में सभी जगह एक साथ सप्लाई शुरू होने से लोड आता है। कई बार वोल्टेज कम या बहुत ज्यादा भी हो जाता है।

फोरम में कर सकते हैं शिकायत : कानून के जानकारों के मुताबिक उपभोक्ता नुकसान की भरपाई के लिए उपभोक्ता फोरम में परिवाद दायर कर सकते हैं। सेवा प्रदाता कंपनी की जिम्मेदारी होती है, वह सही से सप्लाई की व्यवस्था करे। हर घर से 30 से 40 हजार रुपए तक का नुकसान है। बिजली कंपनी इसके लिए जवाबदार है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36clEen

No comments:

Post a Comment

Kusal Perera ruled out of India series due to injury: Report

from The Indian Express https://ift.tt/3rf5BoA