उपचुनाव के लिए बाइक से अवैध हथियारों की सप्लाई करने जा रहे दो युवकों को बरोही पुलिस ने बुधवार की दोपहर साढ़े 12 बजे अमलेड़ा रोड पर झाल की पुलिया के पास से पकड़ लिया है। पुलिस को उनके कब्जे से चार पिस्टल, तीन 315 बोर के कट्टे और जिंदा राउंड जब्त किए हैं।
शांतिपूर्ण, निष्पक्ष मतदान कराने के लिए भले ही प्रशासन ने लाइसेंसी हथियार थानों में जमा करा लिए हैं। लेकिन अवैध हथियार घातक साबित न हो इसके लिए एसपी मनोज कुमार सिंह ने इनकी धरपकड़ के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं। ऐसे में बुधवार को बरोही थाना प्रभारी सीपीएस चौहान को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएसपी संजीव कंचन ने बताया कि जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई थी कि अमलेड़ा रोड पर नहर के पास बाइक सवार दो युवक अवैध हथियारों की सप्लाई करने के लिए किसी का इंतजार कर रहे हैं। इस पर एएसपी कंचन ने बरोही थाना प्रभारी सीपीएस चौहान, ऊमरी थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव के नेतृत्व दो टीमें बनाकर मौके पर भेजा गया।
वहीं उक्त टीम ने अमलेड़ा रोड पर झाल की पुलिया के पास घेराबंदी कर दो युवकों वहां से दबोच लिया। वहीं जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके बैग से कट्टे पिस्टल बरामद हुए। पकड़े गए युवकों ने अपने नाम जय सिंह पुत्र रतिराम कुशवाह निवासी सोई का पुरा, भीमसेन पुत्र कुंदन कुशवाह निवासी दैपुरा अटेर बताएं। इनके कब्जे से चार पिस्टल, तीन 315 बोर का कट्टा, दो जिंदा राउंड, 315 बोर के चार जिंदा राउंड के अलावा एक बाइक जब्त की है। बताया जा रहा है कि पकड़ी पिस्टल की कीमत 25 हजार रुपए और कट्टे की कीमत 3 हजार रुपए से ज्यादा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31x8chN
No comments:
Post a Comment